अगली बैठक में चुने जाएंगे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डंगार में वीरवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन के लिए सामान्य सभा हुई। अध्यक्षता प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा ने की। इस दौरान अभिभावकों और अन्य उपस्थित सदस्यों को एसएमसी के उद्देश्यों, कार्यों और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति से 16 अभिभावकों को विद्यालय प्रबंधन समिति का सदस्य चुना गया। निर्वाचित सदस्यों में अनुराधा, सुरेंद्रा कुमारी, शालिंद्र सिंह, प्रमिला देवी, शीला देवी, उषा देवी, सुनीता देवी, पुष्पा देवी, राजिंद्र सिंह, लता मुकेश, रीना कुमारी, अनीता देवी, राजो देवी, अंजना देवी, जगदीश और रक्षा देवी शामिल हैं। सभा में उपस्थित अभिभावकों ने नवगठित समिति से विद्यालय के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, छात्र हितों के संरक्षण तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति की आगामी बैठक में नव-निर्वाचित सदस्यों में से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन नियमानुसार किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से विद्यालय हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।