एनएच चौड़ीकरण के दौरान तोड़ा था सार्वजनिक शौचालय और वर्षाशालिका
रोजाना परेशान हो रहे पर्यटक, यात्री और संगतें
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शहर के व्यस्त बद्रीपुर चौक पर यात्रियों को छह साल से सार्वजनिक शौचालय और वर्षाशालिका की सुविधा नहीं मिल रही है। एनएच-07 और एनएच-707 के संगम पर स्थित इस चौक से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री, पर्यटक और संगतें गुजरती हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
करीब छह वर्ष पहले देहरादून-पांवटा साहिब एनएच-07 पर यमुना पुल से सूरजपुर तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान चौक के पास बना सार्वजनिक शौचालय और वर्षाशालिका हटा दी गई थी। इसके बाद से यात्रियों को शौचालय और बारिश व धूप से बचने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध नहीं है।
स्थानीय निवासी मनिंद्र सिंह मन्नी, हेमराज राणा, अनिल ठाकुर, सुनील चौधरी, प्रदीप चौहान, मामराज शर्मा, मुशर्रफ अली, रमेश राणा और अनिल अत्री ने कहा कि वर्षों बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बद्रीपुर चौक से दिल्ली, यमुनानगर, चंडीगढ़, शिमला, नाहन और शिलाई के लिए यात्री आवाजाही करते हैं। सुविधाओं के अभाव में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
एसडीएम को सौंप चुके हैं ज्ञापन
समाजसेवी हेमराज राणा ने बताया कि पिछले वर्ष जून में सार्वजनिक शौचालय और वर्षाशालिका बनाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
भूमि की कमी बनी बाधा : निर्मल कौर
नगर परिषद पांवटा साहिब की अध्यक्ष निर्मल कौर ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के बाद शौचालय निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि नहीं बची है। बिजली बोर्ड की साथ लगती कुछ भूमि उपलब्ध होने पर योजना तैयार की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यहां सार्वजनिक शौचालय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-संवाद