बिलासपुर (रामपुर)।भैया दूज पर बरेली से अपने भाई के घर आ रही एक महिला नगर में बस से उतरते ही हाईवे किनारे ठगी का शिकार हो गई।। महिला को ठगों ने अपनी बातों पर उलझाते हुए बैग,नकदी व सोने के जेवरात ठग लिए। परेशान महिला अपनी भाभी के साथ थाने पहुंची व आपबीती बताई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली जनपद के देवचरा थाना क्षेत्र के डिलौरा गांव निवासी प्रेमपाल की पत्नी चमेली देवी बृहस्पतिवार को नगर के सिंह कॉलोनी में रहने वाले अपने भाई के पास दूज करने आ रही थीं। दोपहर करीब एक बजे नगर के केमरी तिराहे के पास बस से उतरते ही वह रिक्शा के इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसे बातों में लगा लिया और उसका बैग,नकदी तथा कानों में पहने सोने के कुंडल भी अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए। युवकों को गायब होने पर महिला को ठगे जाने का अहसास हुआ तो वह रोने लगी और किसी तरह अपने भाई को सूचना दी। सूचना पर उनकी भाभी भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने महिला के साथ आरोपी युवकों को काफी तलाश किया। काफी देर तक भी युवकों का पता नहीं चलने पर वह कोतवाली पहुंची व आपबीती पुलिस को बताई। पुलिस ने महिला द्वारा बताये गए हुलिये के अनुसार आरोपियों की तलाश कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।