एसएमसी ने अधिकारी को दी अध्यापक के स्कूल न आने की शिकायत
-कहा, पहले ही एक अध्यापक के सहारे चल रहा है स्कूल
-बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय प्राथमिक पाठशाला बरयाही में जेबीटी अध्यापक के स्कूल न आने पर एसएमसी सदस्यों ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की है। सदस्यों का कहना है कि स्कूल इसी अध्यापक के सहारे चल रहा है, वह भी स्कूल निरंतर नहीं आ रहे हैं। इससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है।
स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान गीता देवी, सदस्य नीलम कुमारी, मनीषा देवी, अर्पणा और अन्य सदस्यों ने बताया कि स्कूल में जेबीटी अध्यापक शनिवार को भी पाठशाला नहीं आया। उन्होंने बताया कि अध्यापक कई दिनों से इस तरह का व्यवहार कर रहा है। स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए केवल यही एक अध्यापक है और वह भी स्कूल नहीं आ रहा है। इससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के बारे में कई बार अधिकारी को अवगत करवा चुके है, लेकिन उनकी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि शीघ्र इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो।
कोट्स
मामला उनके ध्यान में है। मामले की जांच मौके पर जाकर की जाएगी। यदि अध्यापक की तरफ से कोई लापरवाही बरती जा रही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-बीडी शर्मा, कार्यकारी उच्च शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर