संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी में श्रावण अष्टमी मेले की गहमागहमी बन गई है। वीरवार से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचना शुरू हो गए हैं। बारिश के बावजूद दिन भर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। इस बीच, प्रशासन ने मेलों की तैयारी पूरी कर ली है। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। मालवाहक वाहनों में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर सख्ती बरती जाएगी। ऐसे वाहनों को कोलां वाला टोबा में ही रोक दिया जाएगा।
मेला पुलिस अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान टेंपो, ट्रक और ट्रैक्टर आदि मालवाहक वाहन हिमाचल की सीमा में कोलां वाला टोबा में ही रोक लिए जाएंगे। पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने मेला क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती है तो श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे ग्रुप में मंदिर के में दर्शनों के लिए भेजा जाएगा। भीड़ नियंत्रित करने के लिए चार नंबर, पांच नंबर तथा छह नंबर सेक्टर में छोटे-छोटे जत्थे बनाए जाएंगे।
नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी प्रतिमा राय ने बताया कि नप मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था के लिए 100 से ज्यादा सफाई कर्मी नियुक्त कर लिए हैं। कपाली कुंड में भी पानी डाल दिया गया है। गलियों, नालियों एवं रास्तों पर कीटनाशक दवाई लगातार नगर परिषद डालेगी। 24 घंटे सफाई कर्मी यात्रियों की सेवा के लिए तैनात रहेंगे। इस बार रज्जू मार्ग 6:30 बजे से शाम के 9:00 बजे तक चलाने का निर्णय लिया है।
उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने बताया कि टोबा से श्री नयना देवी जी सड़क मार्ग पर मालवाहक वाहनों पर रोक रहेगी। गड़ामोड़ा व ग्वाल थाई, टोबा से आगे श्री नयना देवी जी में आने पर प्रतिबंध रहेगा। केवल बसों व छोटे यात्री वाहनों की आवाजाही होगी।
इन स्थानों से श्रद्धालु बसों व टैक्सियों में ही श्री नयना देवी जी आ सकते हैं। मेला परिसर में लाउड स्पीकर व ढोल नगाड़े तथा बैंड-बाजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है। जरूरी संदेश कंट्रोल रूम से प्रसारित किया जाएगा।
मेले के दौरान मंदिर परिसर में हलवा व नारियल चढ़ाने तथा प्रसाद के लिए बांस की टोकरी के प्रयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। एसडीएम राजकुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को मास्क पहनकर ही मंदिर में आने के लिए सूचित किया जाएगा। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मास्क अनिवार्य किया जा रहा है।