फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शीदी बाबा पार्क को है सौंदर्यीकरण की दरकार

विज्ञापन
विज्ञापन
बिलासपुर। नगर पालिका प्रशासन की ओर से 13 वर्ष पूर्व 2007 में करीब 40 लाख रुपये की लागत से केमरी रोड पर हजरत शीदी बाबा के नाम पर बनाया गया पार्क देखरेख के अभाव में बदहाल हो गया है। पार्क के झूले, बैंच, लाइटें आदि टूट गईं हैं और फुलवारी भी पूरी तरह से सूख चुकी है। वीरान से दिखने वाले पार्क में अब लोगों ने आना भी बंद कर दिया है। लोग समय-समय पर पार्क के सौंदर्यीकरण कराने की मांग करते रहते हैं।
विज्ञापन

नगरपालिका अध्यक्ष मोहम्मद हसन खां ने वर्ष 2007 में नगर के मोहल्ला संतनगर कॉलोनी में केमरी रोड किनारे खाली पड़ी भूमि पर पालिका बोर्ड के प्रस्ताव पर हजरत शीदी बाबा के नाम से एक पार्क का निर्माण कराया था। पार्क के निर्माण में करीब 40 लाख से अधिक रुपये खर्च हुए थे। पार्क में बच्चों को झूलने के लिए लगाए गए झूले बेहद खूबसूरत थे, लोगों को बैठने के लिए सीमेंट की बैंचें भी बनवाई गई थीं। एक पक्की झोपड़ी के साथ ही पार्क के अंदर घूमने के लिए छोटे-छोटे रास्ते और सुंदर फुलवारियां भी थी। लोग यहां आकर अपनी थकन मिटाते थे, बुजुर्ग और बच्चे शाम के समय टहलने और खेलने आते थे। पार्क में लगीं लाइटें भी पूरी रात जगमगाती रहती थीं। बसपा सरकार में बने इस पार्क का उद्घाटन तत्कालीन दर्जा मंत्री सुरेंद्र सागर ने 17 नवंबर को किया था। उस वक्त पालिकाध्यक्ष भी बसपा में ही थे। पालिका ने पार्क की देखरेख को एक माली को भी तैनात किया था, जो हर समय पार्क की देखरेख करता रहता था। कुछ समय के बाद पार्क की ओर से पालिका का ध्यान हट गया और पार्क वीरान होने लगा। आज हालत यह है कि पार्क पूरी तरह से उजड़ चुका है। मुख्य गेट जर्जर हालत में है तो पार्क के अंदर की सभी वस्तुएं बर्बाद हो चुकी हैं।
हजरत शीदी बाबा पार्क का फिर से सौंदर्यीकरण कराया जाएगा और पार्क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। चारदीवारी के बीच घिरा पार्क सौंदर्यीकरण के बाद पहले से भी और बेहतर रूप में बनकर अवाम के सामने आएगा और लोग सुबह-शाम पार्क में घूमा भी करेंगे।
विज्ञापन

- मोहम्मद हसन खां, चेयरमैन नगरपालिका परिषद
पार्क के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक सारी वस्तुओं को सौंदर्यीकरण के दौरान बेहतर ढंग से बनाया जाएगा, ताकि पार्क में आने वाले लोग स्वयं को तरोताजा महसूस कर सकें।
- राजेश सिंह राणा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद
सौंदर्यीकरण के दौरान ही पार्क में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाने चाहिए, ताकि पार्क में की गतिविधियों खासकर पार्क को नुकसान पहुंचने वालों पर नियंत्रण रखा जा सके।
- राजीव शर्मा राजू, निवासी संतनगर
पार्क की देखभाल के लिए दिन व रात में अलग-अलग दो लोगों की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए, जो पार्क की कीमती वस्तुओं के रखरखाव को ठीक से अंजाम दे सकें।
- अमरजीत गुगलानी, निवासी पंजाबी कॉलोनी
पार्क के मुख्य द्वार को सुबह और शाम को खोलने व बंद करने का समय निर्धारित होना चाहिए, ताकि मोहल्ले और शहर के लोग अपने निर्धारित समय में पार्क में पहुंचकर टहल सकें।
- वीर सिंह, निवासी संतनगर कॉलोनी
पार्क में बिजली के साथ साथ सौर ऊर्जा की भी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि बिजली के न होने पर पंखे, लाइटें आदि उपकरण सौर ऊर्जा से चल सकें।
- तीरथ सिंह, महासचिव गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा
शीदी बाबा पार्क का मुख्य द्वारा रोड से काफी ऊंचा होना चाहिए और लोहे के एंगल की चहारदीवारी भी सुरक्षा की दृष्टि से और ऊंची होनी चाहिए, ताकि पार्क में कोई भी इधर उधर से न घुस सके।
विज्ञापन

- रामा भटनागर, व्यवसायी
शीदी बाबा पार्क में झोपड़ियों की संख्या और बढ़ाई जानी चाहिए और बेहतर किस्म के फूलों को रोपा जाना चाहिए, ताकि लोगों का मन पार्क की तरफ आकर्षित हो सके।
- नईम मियां, एलआईसी एजेंट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें