- भारी बारिश के चलते कई जगह पर धंसी सड़क
- कई मकानों में आईं दरारें, गिरने का खतरा बना
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। कोटधार की शाहतलाई-कलोल सड़क धंसने से इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। वहीं भारी बारिश के चलते लोगों के घरों में भी दरारें आई हैं और मकानों को खतरा बना हुआ है।
यह सड़क बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई से भगतपुर गांव के समीप शाहतलाई से कोसरियां, कलोल, झंडूता, नध्यार सहित अन्य पंचायतों की ओर जाती है। इस सड़क को लोक निर्माण विभाग ने भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। बारिश के कारण पूरे कोटधार क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया है। बरसात के चलते भगतपुर के कैंची मोड़ से लेकर शाहतलाई सहरयाली पुल तक कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण लोक निर्माण विभाग ने बोर्ड लगा कर सड़क को भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया है। सड़क के बंद होने से बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भगतपुर में भारी बारिश से सुरेश कुमार पुत्र विशन दास के रिहायशी मकान में दरार आ जाने के कारण मकान को खतरा बन गया है। पंचायत प्रधान बबीता देवी ने बताया कि सुरेश कुमार के मकान के गिरने का खतरा बन गया है। इस के कारण पीड़ित परिवार को पड़ोसियों के घर शरण दी जा रही है। उन्होंने बताया की गांव में करीब सात से आठ घरों को भी खतरा बना हुआ है। उधर लोक निमार्ण विभाग के सहायक अभियंता सुरजीत कुमार बताया कि बारिश से शाहतलाई से भगतपुर कैंची मोड़ तक कई जगह से धंस गई है। इस पर भारी वाहन चलाने पर रोक लगा दी गई है। सहरयाली पुल और कैंची मोड़ पर सूचना बोर्ड लगा दिए गए हैं।