फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: सीवरेज की अव्यवस्था बनी विकास में रोड़ा

Wed, 11 Mar 2026 11:27 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
घुमारवीं में मेला ग्राउंड से होते हुए बनाई जा रही सड़क का अधूरा कार्य। संवाद
विज्ञापन
चार साल बाद भी अधूरी है करोड़ों की सड़क
विज्ञापन

ग्रीष्मोत्सव से पहले सड़क पूरी करने का दावा

सीर खड्ड पुल से तहसील तक अटका है काम
सीवरेज पाइप टूटने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, निर्माण कार्य हो रहा खराब

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। किसी भी शहर में सीवरेज व्यवस्था को विकास और आधुनिक सुविधाओं की पहचान माना जाता है, लेकिन घुमारवीं में यही व्यवस्था अब लोगों के लिए ही नहीं बल्कि लोक निर्माण विभाग के लिए भी बड़ी परेशानी बन गई है। शहर में फैली सीवरेज की अव्यवस्था अब विकास कार्यों में भी बाधा बन रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण सीर खड्ड पुल से तहसील परिसर तक मेला ग्राउंड से होते हुए बनाई जा रही सड़क है, जिसका निर्माण कार्य पिछले चार वर्ष से अधूरा पड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार इस सड़क निर्माण को शुरू हुए करीब चार साल से अधिक का समय बीत चुका है। इस पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च भी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क अभी तक पूरी तरह से सुचारू नहीं हो पाई है। इस बार तकनीकी शिक्षा मंत्री की ओर से 5 से 9 अप्रैल तक आयोजित होने वाले ग्रीष्मोत्सव से पहले सड़क को पूरा करने का दावा किया गया था, लेकिन जमीनी हालात फिलहाल कुछ और ही तस्वीर दिखा रहे हैं। संबंधित विभाग के अनुसार सड़क निर्माण में सबसे बड़ी बाधा सीवरेज व्यवस्था बन रही है। सड़क किनारे बिछाई गई कई सीवरेज पाइपें टूटे हैं, जिनसे दिनभर गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। ऐसे में सड़क पर काम करना न केवल मुश्किल बल्कि लगभग नामुमकिन हो गया है। जब भी निर्माण कार्य शुरू किया जाता है तो कच्ची सड़क पर बह रहे सीवरेज के पानी से कुछ ही समय में सड़क फिर खराब हो जाती है और सारा किया गया काम बेकार हो जाता है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि सड़क पर बह रहे मल-मूत्र युक्त पानी और उससे उठ रही बदबू के कारण वहां कुछ देर खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को और बढ़ाने का काम सड़क के ऊपरी हिस्से में बने मकानों से निकलने वाला गंदा पानी कर रहा है, जो सीधे सड़क पर आकर गिर रहा है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यदि एक सड़क वर्षों तक अधूरी पड़ी रहे और सीवरेज की अव्यवस्था शहर की छवि खराब करती रहे तो यह प्रशासनिक उदासीनता का ही परिणाम है। अब देखना यह है कि ग्रीष्मोत्सव से पहले जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाते हैं या फिर हर वर्ष की तरह इस बार भी केवल दावे ही किए जाते रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोट
सड़क को सुचारू करने के लिए जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। कई बार प्रयास किए गए, लेकिन सड़क पर बह रहे सीवरेज के गंदे पानी से काम करने में दिक्कत आ रही हैं। फिर भी कोशिश की जा रही है कि ग्रीष्मोत्सव से पहले सड़क को सुचारू किया जा सके।
अनुज पराशर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग घुमारवीं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें