स्कूल शिक्षा निदेशालय ने आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाई
पात्र शिक्षक, मुख्याध्यापक एवं प्रधानाचार्य अब 25 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
चयनित अध्यापक 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर होंगे सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के सात शिक्षकों ने राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन किया हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने पुरस्कार के लिए आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि आगे बढ़ा दी है।
अब जिले के पात्र शिक्षक, मुख्याध्यापक एवं प्रधानाचार्य 25 जुलाई तक निर्धारित प्रपत्र में अपने आवेदन हार्ड कॉपी के रूप में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय बिलासपुर में जमा कर सकते हैं। चयनित अध्यापकों को 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। विभाग ने राज्य के कुछ भागों में आई प्राकृतिक आपदा को ध्यान में रखते हुए शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले निर्धारित तिथि में असमर्थता के कारण कई योग्य शिक्षक आवेदन नहीं कर पाए थे। शिक्षकों की पात्रता का सत्यापन 31 जुलाई तक किया जाएगा और समेकित पात्र शिक्षकों की सूची 5 अगस्त तक निदेशालय को भेज दी जाएगी। प्रदेश भर से 30 शिक्षकों का राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा। 15 शिक्षक सामान्य क्षेत्रों से चुने जाएंगे। नौ शिक्षक दूरदराज के क्षेत्रों के चयनित किए जाएंगे। बोर्ड कक्षाओं में बेहतर परिणाम देने वाले छह शिक्षकों का चयन शिक्षा विभाग स्वयं करेगा। इसमें दो प्रधानाचार्य, दो मुख्याध्यापक, तीन प्रवक्ताओं, दो डीपीई, दो पीईटी, चार टीजीटी, तीन सीएंडवी और छह जेबीटी का चयन आवेदनों के आधार पर किया जाएगा।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा नरेश चंदेल ने स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, खंड शिक्षा अधिकारियों और केंद्र प्रमुखों को निर्देश जारी किए हैं कि वह राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार 2025 हेतु योग्य शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित करें। उन्होंने बताया कि शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन प्रारूप और आवश्यक शर्तें शिक्षक उपनिदेशक कार्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों से आवेदन करने का आग्रह किया।