अक्षय कुमार की भूमिका में अरुण भारद्वाज। स्रोत: समिति
28 वर्ष से तलाई की श्री बाल रामलीला से जुड़े हैं अरुण भारद्वाज, ड्यूटी से छुट्टी लेकर निभाते हैं परंपरा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। देश की सुरक्षा में ड्यूटी निभाने वाले अरुण भारद्वाज को रामलीला के मंच से भी खास लगाव है। वर्दी की जिम्मेदारियों के बीच वह भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में भी योगदान दे रहे हैं। पिछले 28 वर्षों से तलाई श्री बाल रामलीला से जुड़े अरुण इस बार भी प्रभु श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। इसके लिए वह अपनी ड्यूटी से छुट्टी लेकर तलाई पहुंचते हैं। अभिनय के साथ-साथ रामलीला के आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं में भी हाथ बंटाते हैं।
38 वर्षीय अरुण भारद्वाज वर्ष 2011 में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में भर्ती हुए थे। वर्ष 2021 से वह राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) में सेवाएं दे रहे हैं। उनका मंचीय अभिनय का सफर वर्ष 1998 में शुरू हुआ था। पहली बार उन्होंने मंच पर अभिनेता अक्षय कुमार का किरदार निभाया था। इसके बाद हनुमान और लक्ष्मण की भूमिकाएं भी अदा कीं। एसएसबी में भर्ती होने से पहले लगातार तीन वर्षों तक उन्होंने प्रभु श्रीराम का किरदार निभाया था।
नौकरी में आने के बाद भी रामलीला के प्रति उनका उत्साह और श्रद्धा बरकरार रही। पिछले कुछ वर्षों से वह रामलीला मंचन के दौरान अपनी छुट्टियां इसी आयोजन के लिए रखते आ रहे हैं। अरुण की भूमिका केवल कलाकार तक सीमित नहीं है। वह मंच तैयार करने से लेकर आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं में भी सहयोग करते हैं।
अरुण भारद्वाज का कहना है कि रामलीला के मंच से जुड़कर उन्हें आत्मिक शांति मिलती है। भारतीय संस्कृति की धरोहर को जीवित रखने और प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने का उन्हें विशेष आनंद मिलता है। रामलीला के माध्यम से समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश देने में भी उन्हें खुशी मिलती है।
अरुण के बड़े भाई भी निभा रहे अलग-अलग किरदार
श्री बाल रामलीला कमेटी के प्रधान पवन कौशल ने बताया कि अरुण भारद्वाज करीब 28 वर्ष पहले रामलीला मंचन से जुड़े थे। उनके बड़े भाई भी इस रामलीला में अलग-अलग किरदार निभाते रहे हैं। परिवार का शुरू से ही आयोजन के प्रति लगाव और सहयोग रहा है। अरुण के पिता सोमदत्त भारद्वाज सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार के सहयोग से अरुण आज भी अपनी व्यस्त नौकरी के बीच रामलीला की परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।