फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: सीर खड्ड पुल के पास अतिक्रमण पर वरिष्ठ नागरिक सभा का विरोध

विज्ञापन
घुमारवीं में सीर खड्ड पुल के समीप लगाई दुकान। स्रोत: जागरूक पाठक
विज्ञापन
प्रशासन, नगर परिषद और एनएचएआई से जांच कर कार्रवाई की मांग
विज्ञापन

पैदल राहगीरों की सुरक्षा पर जताई चिंता

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग-103 पर सीर खड्ड पुल के समीप दुकान के नाम पर किए गए कथित अतिक्रमण को लेकर वरिष्ठ नागरिक सभा घुमारवीं ने कड़ा विरोध जताया है। सभा ने जिला प्रशासन, नगर परिषद घुमारवीं और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मामले की तत्काल जांच करवाकर अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने की मांग की है। सभा के प्रधान रूपलाल शर्मा और मुख्य सलाहकार रामलाल शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सार्वजनिक भूमि पर इस प्रकार के कथित कब्जे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जा सकते। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण भी इस मामले में उदासीन बना हुआ है। सभा पदाधिकारियों का कहना है कि सीर खड्ड पुल के समीप हुए कथित अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभी इस तरह के अतिक्रमणों पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कस्बों और बाजारों में इसी प्रकार अवैध कब्जों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इससे सड़क की चौड़ाई कम होगी, यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी। इसका सबसे अधिक असर पैदल यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर पड़ेगा। वरिष्ठ नागरिक सभा ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर होने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना और अधिक कठिन हो जाएगा। सभा ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर आम जनता की सुविधा और राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें