घुमारवीं में बदहाली का शिकार हुआ सेल्फी प्वाइंट। संवाद
शहर में आकर्षण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से किया है स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत सीर खड्ड पर स्थित पुराने पुल के समीप करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित किया गया सेल्फी प्वाइंट आज बदहाली का शिकार होकर अपनी पहचान खोता जा रहा है। जिस स्थान को शहर की सुंदरता बढ़ाने और आकर्षण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया था, वही अब उपेक्षा के कारण अपनी चमक खो चुका है।
इस सेल्फी प्वाइंट को विशेष रूप से घुमारवीं में होने वाले ग्रीष्मोत्सव के दौरान क्षेत्र की रौनक बढ़ाने के लिए तैयार किया गया था। सीर खड्ड किनारे मेले तक पहुंचने के लिए बनाई गई सड़क के साथ इसे स्थापित किया गया ताकि मेले में आने वाले लोग यहां रुककर तस्वीरें लें और इस स्थल के माध्यम से घुमारवीं को एक नई पहचान मिल सके। शुरुआत में यह प्रयास काफी सफल भी रहा।
ग्रीष्मोत्सव के दौरान इस सेल्फी प्वाइंट की अपनी अलग ही चमक देखने को मिलती थी। मेले में आने वाले युवाओं के लिए यह खास आकर्षण का केंद्र बन गया था। लड़के और लड़कियां यहां खड़े होकर सेल्फी लेते और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करते थे। जिससे न केवल इस स्थान की लोकप्रियता बढ़ी बल्कि घुमारवीं की पहचान भी व्यापक स्तर पर बनने लगी। मेले व आम दिनों में शाम के समय यहां लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रहती थी और यह स्थान पूरे आयोजन की रौनक को और बढ़ा देता था। लेकिन समय बीतने के साथ इस सेल्फी प्वाइंट की ओर ध्यान देना बंद कर दिया गया। रखरखाव और नियमित सफाई के अभाव में इसकी स्थिति धीरे-धीरे खराब होती चली गई और आज यह स्थल अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल निर्माण तक सीमित नहीं होनी बल्कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण के लिए भी ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। एसडीएम गौरव गौरव चौधरी ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है और जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। साथ ही स्थिति में सुधार के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।