संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के हैंडबॉल मैदान में अंतर विश्वविद्यालय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
इसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवेश शर्मा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में नालागढ़, सुजानपुर, धर्मशाला, बिलासपुर, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन धर्मशाला, पीजी सेंटर शिमला, आरकेएमवी शिमला, ऊना, एसवीएसडी कॉलेज भटौली और राजकीय महिला महाविद्यालय कोटला-खुर्द की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयनकर्ताओं में डॉ. प्रवेश शर्मा, डॉ. अनिल कुमार और हैंडबॉल प्रशिक्षक वीरेंद्र शर्मा शामिल रहे। चयनित टीम प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के बाद 18 नवंबर से सीबीएलयू भिवानी में आयोजित होने वाली उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
टीम की घोषणा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से की जाएगी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें एकता और अनुशासन की भावना भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर सह प्राचार्य प्रोफेसर प्रेमजीत, डॉ. सोनिया राठौर, डॉ. अनुप्रिया, प्रोफेसर ऋतुराज, डॉ. ओंकार सिंह, आशीष कुमार, संजीव कुमार और नितेश नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।