टीजीटी, जेबीटी टेट की परीक्षाएं 13, 14 व 21 जून को होंगी आयोजित
छात्र स्कूल बिलासपुर, कंदरौर स्कूल को बनाया गया परीक्षा केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से जून-2026 में आयोजित की जा रही अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के शांतिपूर्ण एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधात्मक आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने जारी आदेश में बताया कि 13, 14 और 21 जून को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र बिलासपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंदरौर में टेट परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 13 जून को टीजीटी (आर्ट्स) की परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र बिलासपुर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 तक और टीजीटी (मेडिकल) की परीक्षा इसी परीक्षा केंद्र में दोपहर 2 से शाम 4:30 बजे तक होगी। जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंदरौर में इसी दिन टीजीटी (आर्ट्स) की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक हुई। जारी आदेश में 14 जून को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र बिलासपुर में आयोजित होने वाली जेबीटी और टीजीटी (संस्कृत) की परीक्षा का समय सुबह 10 से दोपहर 12:30 तक और टीजीटी टेट की परीक्षा का समय दोपहर 2 से शाम 4:30 बजे तक रहेगा। जबकि इस दिन भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंदरौर में जेबीटी परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा। साथ ही 21 जून को टीजीटी (नॉन-मेडिकल) और टीजीटी (हिंदी) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। टीजीटी (नॉन-मेडिकल) परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 तक और टीजीटी (हिंदी) की परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार 13, 14 और 21 जून को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक आयोजन, जुलूस, रैली, नारेबाजी और हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही इस अवधि के दौरान लाउडस्पीकर के उपयोग, निर्माण कार्य, टेंट अथवा मंच की स्थापना या हटाने की गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी, गोला-बारूद अथवा अन्य घातक वस्तुएं लेकर चलना भी प्रतिबंधित रहेगा।