घुमारवीं में मॉक ड्रिल की तैयारियों का निरीक्षण करते एसडीएम गौरव चौधरी। संवाद
-बोले, कल सुबह 8:00 बजे शुरू कर दी जाएगी मॉक ड्रिल की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने 6 जून को होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। यह मॉक ड्रिल कलरी कॉलेज परिसर में होगी। एसडीएम ने बताया कि 6 जून को सुबह 8:00 बजे से इसकी तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
एसडीएम ने मौके पर जाकर संभावित आपदा की स्थिति में किए जाने वाले उपायों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण स्थल पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई ही नुकसान को कम करने में सहायक होती है। इसी उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है, जिससे विभिन्न विभागों की आपसी समन्वय क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया तथा संसाधनों के समुचित उपयोग का परीक्षण किया जा सके। गौरव चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मॉक ड्रिल को गंभीरता से लें और इसे वास्तविक आपदा जैसी परिस्थिति मानकर तैयार रहें। उन्होंने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मॉक ड्रिल में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा, पुलिस विभाग, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग, विद्युत बोर्ड सहित अन्य सभी विभागों की टीमें शामिल होंगी। इस हेतु विभागीय स्तर पर विभिन्न टीमों का गठन किया गया है, उन्हें अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एसडीएम ने कहा कि मॉक ड्रिल न केवल एक अभ्यास है, बल्कि यह प्रशासनिक और सामुदायिक स्तर पर जागरूक करने का माध्यम है। इससे आम नागरिकों को भी आपदा की स्थिति में क्या करना है और कैसे बचाव करना है, इसकी जानकारी मिलती है। एसडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय और तत्परता बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में प्रशासन प्रभावी रूप से कार्य कर सके।