बिलासपुर। जिले में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बहुद्देश्यीय कार्यकर्ताओं के 337 पद भरे जाएंगे। इसके लिए विभाग ने जिला स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों को भरने से जिले के 337 लोगों को रोजगार मिलेगा। विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर दिया है। इसे उच्चाधिकारियों और सरकार के मंजूरी के लिए शिमला भेजा है।
जिले के करीब 337 स्कूलों में विभाग बहुद्देश्यीय कार्यकर्ताओं की भर्ती करेगा। इन स्कूलों में लंबे समय से पद खाली चल रहे हैं। विभाग ने इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों को भरने के लिए जिले के स्कूलों के मुखियाओं से पहले प्रस्ताव मांगा था। उस पर शिक्षा विभाग के उप निदेशक ने विचार किया। अगर विभाग के उच्चाधिकारी इसे स्वीकृत करते हैं तो जल्द ही जिला के उक्त स्कूलों को बहुद्देश्यीय कार्यकर्ता मिलेंगे। वहीं 337 बेरोजगारों को शिक्षा विभाग रोजगार मुहैया करवाएगा।
प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक बिलासपुर सुदर्शन कुमार ने बताया कि विभाग ने इस संबंध में जिला स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर उच्चाधिकारियों की मंजूरी के लिए शिमला भेज दी है। जैसे ही प्रस्ताव को स्वीकृति मिलेगी इसके लिए जिला स्तर पर बाकी प्रक्रिया पूरी कर पदों को भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला के पांच खंडों के 337 स्कूलों का चयन किया है।