पांचवी कक्षा में पढ़ने वाले 1,174 विद्यार्थी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति योजना के पहले चरण की परीक्षा 5 अप्रैल को होगी। जिले के सरकारी स्कूलों के पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले करीब 1,174 विद्यार्थी छात्रवृत्ति परीक्षा देंगे। यह परीक्षा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) सोलन की ओर से प्रदेश स्तर पर आयोजित की जाती है। परीक्षा के लिए जिले में 17 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी। विद्यार्थी अपना एडमिट कार्ड एससीईआरटी सोलन की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक से डाउनलोड कर सकते हैं। स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति परीक्षा दो चरणों में करवाई जाती है। पहले चरण की स्क्रीनिंग परीक्षा 5 अप्रैल को होगी। इस परीक्षा को पास करने वाले विद्यार्थी ही दूसरे चरण की परीक्षा में भाग ले सकते हैं। परीक्षा में मेरिट में आने वाले 100 विद्यार्थियों को तीन साल के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसमें कक्षा छठी के विद्यार्थियों को चार हजार रुपये, सातवीं के विद्यार्थियों को पांच हजार और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को छह हजार रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
इनसेट
इन स्कूलों में होगी परीक्षा
स्वर्ण जयंती छात्रवृत्ति परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराड़ी, डंगार, कठलग, भगेड़, कुठेड़ा, समोह, तल्याणा, बरठीं, जेजवीं, झंडूता, तलाई, बरमाणा, पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श स्कूल बिलासपुर, जुखाला, स्वाहण, स्वारघाट और बस्सी स्कूल में होगी।