फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: देहरा के नए एसपी होंगे संदीप धवल, बिलासपुर में दो साल तक नशा माफिया पर कसा शिकंजा

Mon, 22 Jun 2026 11:21 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल
विज्ञापन
रिकॉर्ड 518 ग्राम चिट्टा बरामदगी से लेकर एमडीएम ड्रग रैकेट के खुलासे तक, कई बड़ी उपलब्धियां रहीं नाम
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रहे आईपीएस अधिकारी संदीप धवल को अब देहरा का जिम्मा सौंपा गया है। बिलासपुर में करीब दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान संदीप धवल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नशा तस्करी पर लगाम कसने, साइबर अपराधों की रोकथाम और फरार अपराधियों की धरपकड़ को प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल को जिले में अपराध नियंत्रण और नशा माफिया के खिलाफ चलाए गए सख्त अभियानों के लिए याद किया जाएगा।
संदीप धवल के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार किया। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में अब तक की सबसे बड़ी मानी जाने वाली 518 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) की खेप बरामद की गई। इस कार्रवाई ने नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया। इसके अलावा पुलिस ने एमडीएम (क्रिस्टल ड्रग) की खेप भी पकड़ने में सफलता हासिल की। इन मामलों में पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रही, बल्कि जांच को आगे बढ़ाते हुए नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया। कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। जिले में बढ़ती नशे की समस्या को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाए। स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस की लगातार कार्रवाई के चलते नशा तस्करों में भय का माहौल बना और कई मामलों में बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। संदीप धवल के कार्यकाल की एक बड़ी उपलब्धि चर्चित बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले का सफल खुलासा भी रहा। इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।इसके अलावा जिला पुलिस ने अदालतों द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए कई आरोपियों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया।
विज्ञापन
विज्ञापन




वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों को विभिन्न राज्यों और जिलों से गिरफ्तार कर अदालतों के समक्ष पेश किया गया। इससे न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिली और अपराधियों में कानून का भय बढ़ा। साइबर अपराधों के मोर्चे पर भी संदीप धवल का कार्यकाल महत्वपूर्ण रहा। ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। साइबर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ठगी से बचने के तरीके बताए गए। कई मामलों में पीड़ितों की रकम वापस दिलाने में भी पुलिस को सफलता मिली। जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए भी उन्होंने प्रयास किए। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों के त्वरित निपटारे तथा थाना स्तर पर जवाबदेही बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। यही कारण रहा कि आम लोगों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विश्वास मजबूत हुआ। अपने शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और सख्त प्रशासनिक दृष्टिकोण के कारण संदीप धवल ने बिलासपुर में एक प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान बनाई। नशा तस्करों, अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई के कारण उनका कार्यकाल जिले में लंबे समय तक याद किया जाएगा। अब उनकी तैनाती देहरा में की गई है। ऐसे में वहां भी कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, नशा तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में उनसे काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। वहीं बिलासपुर में उनके कार्यकाल को जिले में अपराध नियंत्रण और नशा विरोधी अभियानों के एक महत्वपूर्ण दौर के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें