घुमारवीं (बिलासपुर)। जिले के दो अध्यापकों पर ऑनलाइन क्लास नहीं लगाने पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग बिलासपुर ने कार्रवाई की है। एक अध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। वहीं दूसरे अध्यापक की सैलरी पर रोक लगा दी गई है।
बता दें कि उक्त शिक्षक लंबे समय से ऑनलाइन कक्षाएं नहीं लगा रहे थे। दोनों शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से न तो बच्चों से संपर्क साध रहे थे और क्लास न लेने का कारण प्रधानाचार्य को बता रहे थे। ऐसे में इस सारे मामले को लेकर जिले के दो स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने इनकी शिकायत उपनिदेशक से कर दी। इसके चलते बिलासपुर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुदर्शन सिंह ने तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए एक शिक्षक की सैलरी पर रोक लगा दी है। वहीं दूसरे शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से अन्य शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।
उपनिदेशक सुदर्शन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई ब्लॉक एलिमेंटरी ऑफिसर के माध्यम से की गई है। उन्होंने बताया कि एक शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है, वहीं दूसरे की सैलरी रोकी गई हैै। लंबे समय से ऑनलाइन क्लास न लेने के चलते यह कार्रवाई शिक्षकों पर की गई है। नोटिस का जवाब आने पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।