-झंडूता उपमंडल अधिकारी अर्शिया शर्मा करेंगी शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल माता नेरसा देवी मंदिर में 15 से 17 सितंबर तक सायर मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ झंडूता उपमंडल अधिकारी अर्शिया शर्मा शाम 5 बजे करेंगी।
नेरसा देवी मंदिर के प्रधान कैप्टन हंसराज शर्मा ने बताया कि मेले का इतिहास लगभग 500 साल पुराना है। उन्होंने बताया कि इस मंदिर का निर्माण राजा कल्याण चंद ने कराया। उन्होंने 1600 से 1636 तक शासन किया था और सुन्हानी को अपने राज्य की राजधानी घोषित किया। उन्होंने नेरसा माता का चरणामृत लाने के लिए एक व्यक्ति को नियुक्त किया था। ऐसा माना जाता है कि यह मंदिर लगभग 400-500 साल पुराना है। एक अन्य मान्यता के अनुसार नेरसा देवी मंदिर के स्थान पर पहले सुमन का एक विशाल वृक्ष था। एक बार पेड़ में एक प्रकार की रोशनी दिखाई दी और बाद में पेड़ के नीचे देवी की पिंडी मिली। देवी स्थानीय पुजारी के सपने में प्रकट हुईं और उन्होंने जहां पिंडी मिली थी, वहां उसे एक मंदिर बनाने का आदेश दिया, ताकि भक्त उसकी पूजा कर सकें। इस पिंडी को मंदिर में देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सायर के दिन तीन दिवसीय भव्य मेला लगता है। हजारों भक्त नेरसा देवी मंदिर में उनका आशीर्वाद लेने आते हैं। मंदिर कमेटी के सदस्य भगवती शुक्ला एवं दिनेश शुक्ला ने बताया कि मेले में जहां श्रद्धालु माता का आशीर्वाद लेते हैं, वहीं खरीदारी कर मेले का खूब लुप्त उठाते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में 16 सितंबर को विशाल जागरण का आयोजन भी किया जाएगा।