-वन विभाग ने पोस्टमार्टम किया तो पाया गया जंगली बिल्ली का बच्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत पडयालग पंचायत के बाड़ी गांव में लोगों को सड़क किनारे तेंदुए के शावक का शव पड़ा होने की सूचना लोगों को मिली। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों को सूचित किया। विभाग के अधिकारियों ने जांच की तो वह तेंदुए का शावक नहीं, बल्कि जंगली प्रजाति की बिल्ली पाई गई। विभाग ने पूरी प्रक्रिया के बाद उसे जला दिया।
वीरवार को एकाएक सोशल मीडिया पर अफवाह फैल गई कि बाड़ी गांव में तेंदुए का शावक मरा हुआ पड़ा है। इस पर कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी वन विभाग के गार्ड को दी। गार्ड द्वारा उस शावक को कब्जे में लेकर निहारी स्थित कार्यालय ले जाया गया। जहां पर वन विभाग के रेंज अधिकारी मदन लाल सहित वीओ व अन्य कर्मी मौजूद थे। जंगली बिल्ली का शव पूरी तरह से तेंदुए से मिल रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने शव के फोटो खींचकर विशेषज्ञों को भेजे, लेकिन इसकी पहचान होना मुश्किल हो रहा था। अंत में इस शावक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। तब पता चला कि यह जंगली बिल्ली के बच्चे का शव है। प्रकिया के बाद शव को जला दिया गया। आरओ भराड़ी मदन लाल ने कहा कि विभाग को सूचना मिली थी कि बाड़ी गांव के पास तेंदुए के बच्चे का शव पड़ा है। जांच के बाद पता चला कि यह जंगली बिल्ली के बच्चे का शव है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। इसके बाद उसे जला दिया गया है।