बिलासपुर। जिला बिलासपुर के ऐतिहासिक नलवाड़ी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या उस समय चर्चा में आ गई, जब कार्यक्रम के दौरान कुछ युवाओं के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल के कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवा पंडाल में मौजूद थे और उनके गानों पर झूम रहे थे। इसी दौरान पीछे खड़े कुछ युवाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि कार्यक्रम को बाद में सुचारू रूप से जारी रखा गया और मंच पर कलाकार की प्रस्तुति चलती रही। इस बीच मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की और अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया। बताया जा रहा है कि मामले में एक युवक को थाने में बुलाया गया था, जिससे पूछताछ की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।