- तनीनिकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने छयावी में सुनी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। जिले में सड़कों और पेयजल परियोजना पर 242 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 223 करोड़ से अधिक की लागत से 31 सड़कें बनाई जा रही हैं। जल शक्ति विभाग के अंतर्गत सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं पर कुल 19 करोड़ 75 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
यह जानकारी तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने ग्राम पंचायत पंतेहड़ा के गांव छयावी में जनसमस्याएं सुनने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए दी। इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने ग्राम पंचायत पंतेहड़ा में 3 लाख रुपये से इंटरलॉक टाइल से निर्मित राधे श्याम मंदिर के परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि पंतेहड़ा के लोगों के पानी समस्या को दूर करने के लिए 8 लाख 11 हजार रुपये के 35 हजार कैपेसिटी का ओवरहेड टैंक का निर्माण किया गया है। इस ओवरहेड टैंक के निर्माण से स्थानीय लोगों की पानी की समस्या दूर होगी। उन्होंने गूगा मंदिर पंतेहड़ा में डंगे लगवाने के लिए 3 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में पानी की समस्या को दूर करने के लिए जल शक्ति विभाग के तहत पेयजल परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। हम्बोट पंचायत के अंतर्गत बगेटू गांव के टैंक से छवी गांव तक पाइप लाइन बिछाने पर 5 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। जिले में लोगों को घर द्वार पर राशन उपलब्ध करवाने के लिए कांग्रेस सरकार बनने के बाद 13 नई उचित मूल्य की दुकानें और 4 नए सब डिपो खोले गए हैं। इस अवसर पर पंचायत कांग्रेस कमेटी प्रधान दिनेश शर्मा, रतन लाल, प्रधान हम्बोट नंदलाल, बीडीसी सदस्य पूनम शर्मा, सुरेंद्र, पूर्व प्रधान बम संजू धीमान, नितिन चड्डा उपस्थित रहे।