चार और पांच फरवरी को होनी है ट्रक चालक की दो बेटियों की शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट की ग्राम पंचायत कुटेहला के गांव काथला में शुक्रवार को आंधी ने एक गरीब परिवार के सपनों को तहस-नहस कर दिया। पेशे से ट्रक चालक संजय पाल के मकान की छत तूफान में उड़ गई, जिससे घर में रखा बेटियों की शादी का सारा सामान बर्बाद हो गया। पीड़ित संजय पाल की दो बेटियों की शादी आगामी 4 और 5 फरवरी को तय है। दिन-रात मेहनत कर संजय ने पाई-पाई जोड़कर बेटियों के कन्यादान की तैयारी की थी। शादी का राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान घर में ही रखा था, लेकिन छत उड़ने और बारिश के कारण सब कुछ नष्ट हो गया। इस दुखद घटना पर नयना देवी युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि संजय पाल एक अत्यंत गरीब परिवार से हैं। इस आपदा ने उनके सिर से छत तो छीनी ही ली है, साथ ही बेटियों के भविष्य की तैयारियों को भी बर्बाद कर दिया है। अशोक कुमार ने स्थानीय प्रशासन और समाज के संपन्न लोगों से अपील की है कि वे इस कठिन समय में परिवार का साथ दें। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है ताकि बेटियों की शादी तय समय पर संपन्न हो सके।