बिलासपुर। निर्माणाधीन मकान के अंदर काम करने के दौरान नगर निवासी एक युवक के शरीर में निर्माणाधीन मकान का एक सरिया घुस गया, जिसके कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नगर निवासी करीब 30 वर्षीय एक युवक मोहल्ले में ही एक व्यक्ति के यहां निर्माणाधीन मकान बनवाने का काम कर रहा है। बताते हैं कि रविवार की देर शाम युवक निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान निर्माणाधीन एक पिलर यानी की कालम पर बैठ गया। इस दौरान पिलर में निकला हुआ सरिया उसके शरीर घुस गया। जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए और उसे आननफानन नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। संवाद