साधारण सभा में 221 ग्रामीणों ने लिया हिस्सा, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान
हर वार्ड की जरूरतों के आधार पर तैयार होगी वार्षिक कार्ययोजना
पंचायत में 20 जुलाई तक पंचायत में चलेगा पौधरोपण अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत नम्होल की साधारण सभा रविवार को पंचायत प्रधान रामेश्वरी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा में 221 पंचायत के लोगों की उपस्थिति के बीच सरकार की ओर से निर्धारित एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पंचायत के विकास कार्यों, वार्षिक कार्ययोजना, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रधान रामेश्वरी ठाकुर ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि पंचायत का विकास केवल जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सहयोगी भावना के साथ जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य अपने दूसरे कार्यकाल में नम्होल पंचायत को क्षेत्र की अग्रणी पंचायतों में शामिल करना है। इसके लिए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से बीवी जी राम जी योजना में अधिकाधिक लोगों के शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि इससे व्यक्तिगत और सामुदायिक दोनों स्तरों पर विकास को गति मिलेगी। बैठक के दौरान पंचायत के सातों वार्डों से विकास कार्यों के प्रस्ताव लिए गए। वार्ड सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं और लंबित कार्यों से संबंधित सुझाव रखे। प्रधान ने पंचायत सचिव चमन लाल को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों को कार्यवाही पंजिका में दर्ज कर पंचायत की विस्तृत वार्षिक कार्ययोजना तैयार की जाए। इस कार्ययोजना को स्वीकृति के लिए खंड विकास अधिकारी के पास भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद विभिन्न वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। सभा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
पंचायत ने 20 जुलाई तक विशेष पौधरोपण अभियान चलाने का निर्णय लेते हुए प्रत्येक पंचायतवासी से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। अभियान के तहत फलदार पौधों के साथ-साथ किसानों के लिए उपयोगी पौधों का भी रोपण किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों को आर्थिक लाभ भी मिल सके। बैठक में पंचायत के लोगों ने सातों वार्ड सदस्यों के साथ मिलकर संवाद, पारदर्शिता और जनसहभागिता के माध्यम से पंचायत के समग्र विकास का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत के विकास की दिशा तभी मजबूत होगी जब प्रत्येक ग्रामीण अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विकास योजनाओं में सक्रिय सहयोग करेगा। साधारण सभा में पूर्व प्रधान एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, पूर्व प्रधान रणजीत ठाकुर, पूर्व उपप्रधान जगत राम, बीडीसी सदस्य रीना ठाकुर, कैप्टन बाबू राम ठाकुर, इंस्पेक्टर किशोरी लाल ठाकुर, हिमाचल पेंशनर महासंघ के अध्यक्ष इंद्र ठाकुर, उपप्रधान जिया लाल ठाकुर, पंचायत सचिव चमन लाल, सभी वार्ड सदस्य, वरिष्ठ नागरिक तथा बड़ी संख्या में पंचायतवासी उपस्थित रहे।