लोक निर्माण विभाग ने छत के पास 80 फीट हिस्सा छोड़ा
ज्योरीपत्तन की ओर स्लाइडिंग जोन होने से नहीं हुआ कार्य
लोक निर्माण विभाग ने टाइल्स लगाने का दिया भरोसा
संवा न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश( बिलासपुर)। ऋषिकेश ग्राम पंचायत डमली के गांव छत से ज्योरीपत्तन होते हुए झंडूता जाने वाले मार्ग पर अधूरी टारिंग लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब चार-पांच माह पहले इस सड़क को पक्का किया गया था, जिससे पहले मौजूद भारी गड्ढों से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन कुछ स्थान अब भी अधूरे छोड़ दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की मुख्य संपर्क सड़क है, जो लोगों को एम्स और फोरलेन मार्ग तक जोड़ती है। इस सड़क पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में अधूरे हिस्सों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार छत के पास करीब 80 फीट हिस्सा अभी तक पक्का नहीं किया गया है। यहां पूर्व में स्लाइडिंग होने से सड़क का हिस्सा धंस चुका है, जिससे लोगों में बरसात के मौसम को लेकर चिंता बनी हुई है। राजकुमार धीमान, रामकरण, विनोद कुमार, सतीश कुमार, हरीश, पंकज, बलदेव शर्मा, कमल, महेंद्र सिंह, जयकुमार और संजय कुमार ने प्रशासन से मांग उठाई है कि अधूरे हिस्से को जल्द पक्का करवाया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।
इनसेट
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नितेश कुमार ने बताया कि जहां सड़क पक्की नहीं की गई है, वह स्लाइडिंग जोन है। बरसात के समय यहां कई बार जमीन खिसक चुकी है। ऐसे में वहां टाइल्स लगाने की योजना बनाई गई है, ताकि बार-बार समस्या न आए। उन्होंने कहा कि छोड़े गए हिस्से को जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा।