10.2 किमी सड़क पर खर्च होंगे 7.04 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत झंडूता और घुमारवीं विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सड़क पनौल से सेर वाया सुकड़ी, तुंगड़ी के सुधारीकरण का कार्य 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। यह सड़क दशकों पहले बनी थी और लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क के सुधारीकरण के लिए 7 करोड़ 4 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया है। कुल 10.200 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। पनौल से सुन्हाणी पुल तक करीब पांच किलोमीटर सड़क पर टारिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष बचे लगभग पांच किलोमीटर हिस्से का कार्य मार्च माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सुधारीकरण के बाद सड़क की मौजूदा तीन मीटर चौड़ाई बढ़ाकर 3.75 मीटर की जाएगी। इसके साथ सड़क के दोनों ओर पक्की नालियों, डंगों, पुलियों का निर्माण किया जाएगा। तीखे मोड़ों को भी दुरुस्त किया जाएगा। इससे वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी। अब इस मार्ग पर दो छोटे वाहन एक साथ आसानी से गुजर सकेंगे, वहीं बड़े वाहनों को भी पास देने में परेशानी नहीं होगी। यह सड़क झंडूता और घुमारवीं विधानसभा क्षेत्रों के बीच एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके सुधारीकरण से जिला मुख्यालय, प्रदेश की राजधानी शिमला, तथा पंजाब, हरियाणा, लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर सहित अन्य बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस सड़क से बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यहां पहले कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। संकरी सड़क पर वाहनों को पास देना बेहद मुश्किल था, जिससे जोखिम बढ़ जाता था। सुधारीकरण के बाद दुर्घटनाओं में कमी आने और यातायात व्यवस्था के सुचारु होने की उम्मीद है।
कोट
पनौल से सेर वाया सुकड़ी, सुन्हाणी पुल, तुंगड़ी सड़क के सुधारीकरण का कार्य ठेकेदार को आवंटित किया गया है। पनौल से सुन्हाणी पुल तक पांच किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 7 करोड़ 4 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी।
इं. सचिन नड्डा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सब डिवीजन बरठीं