पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालियां के पास खस्ताहाल सड़क। स्रोत: जागरूक पाठक
पुराने चंडीगढ़-मनाली मार्ग की बदहाली से परेशान ग्रामीण, स्थायी मरम्मत की मांग
बारिश में फंस रहे वाहन, हादसे का बना खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालियां के पास सड़क की बदहाली लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात के दौरान सड़क का यह हिस्सा दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग पर केवल अस्थायी मरम्मत कर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष बरसात में इस स्थान पर सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया था। उस समय विभाग ने मिट्टी डालकर सड़क को यातायात योग्य बना दिया, लेकिन स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। इस वर्ष बारिश शुरू होते ही सड़क की हालत फिर से बिगड़ गई है और अब यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों में सड़क पर धूल के गुबार उड़ते हैं, जबकि बरसात में यह पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल जाती है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने के डर से बेहद सावधानी के साथ गुजरना पड़ता है। कई बार कारें और अन्य वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं, जिन्हें राहगीरों की मदद से बाहर निकालना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई और कोई बड़ा हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की होगी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बरसात को देखते हुए मौके पर जेसीबी और अन्य मशीनरी लगाकर तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा पैचवर्क के बजाय स्थायी निर्माण कराया जाए।
कोट
फिलहाल सड़क पर सोलिंग का कार्य कराया गया है। सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
दिनेश गुप्ता, सहायक अभियंता,लोक निर्माण विभाग