दरोला, राहेंन, मिहुन सड़क की मरम्मत की मांग
बरसात में पूरी तरह से धंस गई थी सड़क, गाड़ियों की आवाजाही बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल के दरोला, राहेंन, मिहुन गांव के लोग एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी से मिले। उन्होंने उन्हें करीब दो साल से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत को लेकर ज्ञापन सौंपा। लोगों ने एसडीएम से शीघ्र सड़क की मरम्मत को करवाने की मांग की।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में लोगों ने बताया कि पीपलूघाट से राहेंन-मिहुन सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 2009-10 में बनाई गई। इस सड़क से दरोला, धवाल, राहेंन और मिहुन गांव के सैकड़ों लोग सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। 2023 को भारी बरसात के चलते सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इस सड़क पर छोटे-बड़े वाहनों का चलना बाधित हो चुका है। क्षतिग्रस्त स्थान से बस ठहराव की दूरी करीब 700 मीटर की है। वहां पर मिहुन गांव के सात परिवार रहते हैं। सड़क धंसने के कारण यह परिवार वाहन सुविधा से पूर्ण रूप से वंचित हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि इन परिवारों की काफी भूमि सड़क योजना के लिए प्रयोग की गई है। इस सड़क पर हिमाचल पथ पर निगम की बस 2010 से चल रही थी। अब सड़क के खराब होने के बाद बस बंद हो चुकी है। इसलिए गांव के लोग परेशानी झेल कर रहे हैं। लोगों की शिकायत है कि लोक निर्माण विभाग सड़क की मरम्मत और रखरखाव का कार्य इतनी लंबी अवधि से नहीं कर पा रहा है। इस सड़क में प्रयुक्त भूमि के किसी भी भूमि मालिक ने किसी भी प्रकार का कोई एतराज नहीं किया है। उन्होंने आग्रह किया कि सड़क मरम्मत करवाकर लोगों को राहत दी जाए।