झमराडियां के पास पुलिया के नीचे धंस जाने के कारण फंसा ट्रक।
- फोटो : BILASPUR
बरठीं (बिलासपुर)। घुमारवीं भाखड़ा मुख्य सड़क झमराड़ियां के पास पुलिया के नीचे धंस जाने के कारण वाहनों को आने जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग दो माह से यह पुलिया बीच से टूट चुकी है लेकिन विभाग ने आज तक उसको ठीक करने की जहमत नहीं उठाई है।
स्थानीय राजकुमार महाजन, पवन ढटवालिया, सुरेश सेन, जोध सिंह चंदेल, तरसेम सिंह चंदेल ने बताया कि पुलिया के बीच से टूट जाने पर लोक निर्माण विभाग ने आनन फानन में अस्थाई तौर पर पुलिया के साइड से एक कच्चा रास्ता भी निकाला है लेकिन वह भी नीचे धंस चुका है। इस कारण अकसर वहां पर गाड़ियां फंसी जा रहीं हैं जिससे यहां लंबा जाम भी लग जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को भी एक ट्रक वहां पर फंस गया जिसको निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। सड़क इतनी धंस चुकी है कि ट्रक को जेसीबी के माध्यम से निकालना पड़ा और दोनों तरफ लंबा जाम लगा रहा।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि उक्त पुलिया को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए ताकि आने जाने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उधर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरजीत कैंथ ने बताया कि पुलिया टूट चुकी है। उसके स्थान पर स्लैप कलवर्ट डाला जाएगा जिसका प्राक्कलन स्वीकृत हो चुका है। जल्दी ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।