बिलासपुर। नगर के धौलरा रोड पर स्थित पहाड़ी भारी बारिश के कारण दरकने की तैयारी में है। कभी भी यह पहाड़ी दरक कर सड़क पर आ सकती है। वहीं, यह मार्ग आम रास्ता है जहां पर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही है। अगर राहगीरों के चलते समय यह पहाड़ी पूरी दरक जाती है तो यहां पर जानलेवा हादसा हो सकता है क्योंकि इस पहाड़ी के नीचे एक सिंगल रोड है, जो धौलरा की तरफ जाता है।
स्थानीय लोगों में प्रदीप कुमार, संदीप, संजीव, श्याम वर्मा, लालू, गौरव, विशाल, दुर्गा राम, बंती देवी व अन्य लोगों ने बताया कि यह पहाड़ी कभी भी गिर सकती है जिससे यहां पर वाहनों की आवाजाही भी बंद हो सकती है। इससे यहां के लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो सकते हैं। जबकि प्रशासन खामोश है।
गौरतलब है कि पिछली बरसात के समय भी शहर के कुछ मार्गों पर पहाड़ी दरकना शुरू हो गई थी जिससे प्रतिदिन पत्थर गिरकर सीधे गाड़ियों पर गिर रहे थे। इस दौरान लोनिवि ने कुछ समय के लिए अपने कर्मचारी कार्य पर लगाकर इन पत्थरों को हटा दिया था, लेकिन विभाग ने इन स्थानों पर ढंगा नहीं लगाया। अब भी यही हालात बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन स्थानों पर ढंगा लगाया जाए ताकि लोग यहां से गुजरते समय अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें।
इनसेट...
इन मार्गों पर दरक रही पहाड़ी
नगर के रौड़ा सेक्टर, धौलरा रोड, पुर्णम मॉल के समीप, कोर्ट रोड, अस्पताल रोड पर पहाड़ी से पत्थर गिरते हैं। शहरवासियों ने लोनिवि से मांग की है कि इन स्थानों पर ढंगा लगाया जाए ताकि यहां पर कोई दुर्घटना न हो।