-डीएवी बरमाणा, डीएवी बिलासपुर में होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की ओर से आयोजित ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 18 जनवरी, 2026 को उपमंडल सदर बिलासपुर में होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसडीएम सदर, डॉ. राजदीप सिंह ने परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यक प्रतिबंध लागू करने के आदेश जारी किए हैं।
यह परीक्षा उपमंडल सदर के दो परीक्षा केंद्रों डीएवी एसीसी कॉलोनी बरमाणा लक्ष्मी मंदिर के समीप, डीएवी स्कूल बिलासपुर में आयोजित की जाएगी। जारी आदेशों के अनुसार 18 जनवरी को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक परीक्षा केंद्रों के आसपास सभी प्रकार की सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियों, जुलूसों, रैलियों, नारेबाजी तथा धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के नजदीक लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी पूर्ण रूप से रोक लगाई गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त परीक्षा दिवस के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य, टेंट या मंच लगाने अथवा हटाने का कार्य प्रतिबंधित रहेगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी, गोला-बारूद, तलवार या किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने आम जनता से आदेशों का पालन करने और परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने की अपील की है।