पंचायत चुनाव को लेकर श्री नयना देवी जी समिति के वार्डों का आरक्षण फाइनल
इस बार के रोस्टर में महिलाओं और आरक्षित वर्गों को विशेष अधिमान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव 2026 की आहट के साथ ही प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल होने लगी हैं। इसी कड़ी में श्री नयना देवी जी विकास खंड की पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए आरक्षण का अंतिम रोस्टर जारी कर दिया गया है। एसडीएम श्री नयना देवी जी की ओर से जारी अधिसूचना में इस बार के रोस्टर में महिलाओं और आरक्षित वर्गों को विशेष अधिमान दिया गया है, जिससे कई पुराने चेहरों के चुनावी गणित बिगड़ गए हैं।
रोस्टर के मुताबिक इस बार 15 में से करीब आठ वार्डों पर महिलाओं का कब्जा रहेगा। वार्ड-4 स्वाहण, वार्ड-5 टरवाड़, वार्ड-6 घवांडल और वार्ड-13 मजारी को सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है। वार्ड-3 री और वार्ड-15 कौड़ावाला अनुसूचित जाति महिला के लिए सुरक्षित हैं। वार्ड-8 माकड़ी में ओबीसी महिला और वार्ड-10 लेहड़ी में एसटी महिला के लिए आरक्षण तय हुआ है। प्रशासनिक अधिसूचना के अनुसार अन्य वर्गों में वार्ड-1 तनबोल,वार्ड-2 टाली, वार्ड-7 सलोआ और वार्ड-11 कोटखास अनारक्षित हैं। अनुसूचित जाति में वार्ड-9 ग्वालथाई और वार्ड-14 कोलावालां टोबा शामिल हैं। अनुसूचित जनजाति में वार्ड-12 बस्सी को शामिल किया गया है। आरक्षण की सूची सार्वजनिक होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिन वार्डों में आरक्षण बदला है, वहां नए उम्मीदवारों ने अपनी जमीन तलाशनी शुरू कर दी है। पंचायत सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वार्डवार जानकारी को सार्वजनिक सूचना पट्ट पर चस्पां करें ताकि आम जनता को नियमों और अपने क्षेत्र की स्थिति का पता चल सके। एसडीएम श्री नयना देवी जी स्थित स्वारघाट धर्मपाल ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर के आदेशानुसार हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम 1994 के तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। चुनाव की निष्पक्षता और नियमों के पालन के लिए अधिसूचना की प्रतियां उच्चाधिकारियों को भेज दी गई हैं।