छात्र पाठशाला के मैदान में हुआ जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला स्तरीय 77वां गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय बिलासपुर स्थित पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, वनमित्र, एनसीसी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टुकड़ियों की ओर से प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह से पहले उन्होंने चंगर स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी का यह ऐतिहासिक दिवस देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की सर्वोच्चता और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है और यह हमें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस ऐतिहासिक दिवस पर देश और प्रदेश के उन महान सपूतों और देश भक्तों को भी याद किया जिन्होंने देश को स्वाधीनता दिलवाने में अनेक कुर्बानियां दीं। उन्होंने उन शहीद जवानों को भी याद किया जिन्होंने देश की रक्षा, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुतियां दी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सत्ता में आने से पूर्व जनता को दी गई सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, उद्यान एवं कृषि और उद्योगों की स्थापना को प्राथमिकता देते हुए हर संभव प्रयास कर रही है, ताकि प्रदेश का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके और प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने वादों के अनुरूप पशुपालकों से गाय और भैंस के दूध के खरीद मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया7 इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बंदला स्कूल के विद्यार्थियों की ओर से विशेष गायन किया गया। जिले के स्कूलों में भी गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा, जीत राम कटवाल, त्रिलोक जमवाल, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, डॉ. वीरू राम, केके कौशल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजना धीमान, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, हिमुडा बोर्ड के निदेशक जितेंद्र चंदेल, एपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल वर्धन, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की सदस्य तृप्ता ठाकुर, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, कमांडेंट होमगार्ड एसके कौंडल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इनसेट
स्वतंत्रता सेनानी सम्मानित
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जिला के विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया, जिनमें स्वतंत्रता सेनानी लेखराम, शंकर दास, स्वतंत्रता सेनानी समिति की अध्यक्ष प्रेमी देवी, वीर नारी हक्मी देवी, महंती देवी, जमना देवी और कौशल्या देवी शामिल रहीं। खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए गुनगुन देवी, सविता कुमारी, सुजल ठाकुर, प्रीति ठाकुर, निर्जल ठाकुर और सुमन चड्ढा को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मनरेगा के अंतर्गत अधिकतम मानव दिवस सृजन करने पर जिला की 24 ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत सुई सुरहाड, धार टटोह, कचोली, सोलग जुरासी, राजपुरा तथा साई खारसी, विकास खंड घुमारवीं की हरलोग, भलस्वाई, हवान, मरहाना, मेहरी कथला तथा तलयाना, विकास खंड झंडूता की कोसरियां, सनीहरा, पपलोआ, बेहना ब्राह्मणा, बड़गांव गलू, मलांगण और विकास खंड श्री नयना देवी की सलोआ, टाली, ग्वालथाई, धरोट, तरसुह तथा लेहडी ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
इनसेट
ये पुलिस कर्मी सम्मानित
उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस जवानों को सम्मानित किया गया। इनमें कोट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार, पुलिस चौकी ग्वालथाई के प्रभारी रवि कुमार, मुख्य आरक्षी सनी कुमार शामिल रहे। अश्वनी कुमार को महिला मर्डर केस को शीघ्र सुलझाने के लिए यह सम्मान दिया गया। एसपी संदीप धवल की ओर से सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। ऐसे कर्मियों की निष्ठा और सेवा भावना से ही जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी हुई है। कहा कि हिमाचल पुलिस अपने आदर्श वाक्य सेवा, सुरक्षा और विश्वास को आत्मसात करते हुए निरंतर जनता की सेवा में समर्पित है।
इनसेट
न्यायालय परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण
बिलासपुर न्यायालय परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्योत्सना सुमंत डढ़वाल ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों की ओर से किए गए अद्वितीय बलिदानों को याद किया और सभी से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीजेएम अक्षी शर्मा, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रतन सिंह, जिला न्यायवादी सीएस भाटिया, जिला बार संघ के अध्यक्ष श्यामलाल ठाकुर, अधिवक्ताओं सहित न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इनसेट
उप शिक्षा निदेशक हुई सम्मानित
घुमारवीं। उप निदेशक उच्च शिक्षा बिलासपुर रेणु कौशल को उनके उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। रेणु कौशल को यह सम्मान जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने, युवाओं में सामाजिक चेतना जागृत करने तथा नशा उन्मूलन जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने के लिए दिया गया। उनके नेतृत्व में जिले में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन न केवल सफल रहा, बल्कि इसने समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं को नशे के विरुद्ध एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से उन्होंने सरकारी विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान की।
इनसेट
घुमारवीं में उत्साह के साथ मनाया गया दिवस
घुमारवीं। उपमंडल स्तर पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह सोमवार को घुमारवीं में बड़ी ही गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्रा घुमारवीं के प्रांगण में किया गया। समारोह की अध्यक्षता एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत गौरव चौधरी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के बाद मार्च-पास्ट का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक तथा स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों ने भाग लिया।
इनसेट
एनटीपीसी कोलडैम में हुआ कार्यक्रम
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम परियोजना परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, उत्साहपूर्ण और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एनटीपीसी कोलडैम सुभाष ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा तिरंगे को सलामी दी गई और राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख ने संविधान के मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता और सुदृढ़ लोकतांत्रिक परंपराओं में है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया और सतत विकास, ऊर्जा सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एनटीपीसी कोलडैम द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। इस मौके पर कार्यक्रम में संगिनी संघ की अध्यक्ष रेखा ठाकुर, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एसएस राव, मानव संसाधन प्रमुख मंगला हरिंद्रन, डीसी सीआईएसएफ विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट
झंडूता। झंडूता उपमंडल के अंतर्गत कोटधार क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर लग दयो के प्रांगण में 77वां गणतंत्र दिवस पूर्व सैनिक कल्याण समिति कोटधार के अध्यक्ष कैप्टन ज्ञानचंद धीमान की अध्यक्षता में मनाया गया। कार्यक्रम में कैप्टन पुरुषोत्तम चंद राणा ने बतौर मुख्यातिथि जबकि कोटधार नलवाड़ मेला समिति के संस्थापक एवं प्रसिद्ध समाजसेवी अमरनाथ धीमान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर शहीदों को याद कर कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर पूर्व सैनिकों तथा अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की भावी पीढ़ी में देशभक्ति की भावना भरकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपना भरपूर योगदान देने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इनसेट
भराड़ी। अल फुरकान आदर्श पब्लिक स्कूल कोटलू ब्राह्मणा के प्रांगण में गणतंत्र दिवस का उत्सव देशभक्ति और जोश के साथ मनाया गया। राष्ट्रगान की धुन, भारत माता की जय के नारों के साथ झंडा फहराया गया। स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत, समूह गान, एकल नृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस पंकज राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बच्चों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि स्कूल प्रबंधन को सौंपी। इस मौके पर युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अब्दुल खालिक और यूनाइटेड यूथ फॉर सोशल वेलफेयर के फाउंडर मेंबर व मुख्य सलाहकार मनीष कास्त्रो मौजूद रहे।
इनसेट
गणतंत्र दिवस पर हटवाड़ में वंदे मातरम की गूंज
भराड़ी। ग्राम पंचायत हटवाड़ के गांव बाग में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और राष्ट्र प्रेम के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और तिरंगा फहराया। समारोह के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। महिला मंडल की सदस्यों एवं बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों पर आधारित प्रस्तुतियों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। इस दौरान मुख्यातिथि ने महिला मंडल की महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्वामी नित्यानंद, सुरेश कुमार शर्मा, रतनलाल शर्मा, एएन शर्मा, जगीरचंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।