-दो साल पहले बाढ़ आने से ठप हुई योजना की आज तक नहीं हुई मरम्मत
-टैंक में गाद घुसने से लोगों को दो साल से नहीं दी जा रही पानी की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता के अंतर्गत जल शक्ति विभाग और सरकार की लापरवाही के कारण लाखों रुपये की पेयजल योजना मरम्मत के अभाव में ठप पड़ी है। दो वर्ष बाद भी लोगों को इस योजना से पानी नहीं मिल पा रहा है। बजट के अभाव में मरम्मत नहीं होने से इस योजना पर खर्च हुआ लाखों रुपया बर्बाद होता नजर आ रहा है।
जल शक्ति विभाग ने पंचायत बड़गांव के टिहरा गांव में पेयजल संकट को दूर करने के लिए कुछ वर्ष पहले लाखों रुपये की लागत से एक पेयजल योजना सुन्हाणी खड्ड के किनारे पर बनाई थी। दो साल पहले खड्ड में बाढ़ आने से यह योजना क्षतिग्रस्त हो गई। इसके लिए लगाई गई सुरक्षा दीवार भी ढह गई। खड्ड का गंदा पानी, गाद योजना के टैंक में जाने से इस योजना का पानी पीने योग्य नहीं रहा। दो वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार व विभाग के सुस्त रवैये के कारण योजना की स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों के विरोध करने के बाद इस योजना से पानी की सप्लाई देना बंद कर दिया गया है। इससे सरकार की हर घर नल हर घर जल की सुन्हाणी टीहरा योजना कारगर साबित नहीं हो पा रही है।
सरकार व विभाग की ओर से इस योजना को दुरुस्त करने के लिए कोई भी प्रयास न किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष है। क्षेत्र के लोगों ने जल्द इस योजना को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि इस पेयजल योजना का लोगों को पूरा लाभ मिल सके। उधर जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि योजना के टूटने के बाद योजना से पानी की सप्लाई लोगों को देना बंद कर दी है। उन्होंने बताया जैसे ही बजट का प्रावधान होगा योजना को दुरुस्त कर सुचारु कर दिया जाएगा।