बिलासपुर। राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले में प्रशासन ने कारोबारियों को राहत देने का फैसला किया है। कोरोना की वजह से प्रभावित रहे मेले में इस बार
प्लाट का आवंटन कम दामों पर किया जाएगा। यह बात सदर एसडीएम रामेश्वर दास ने कही। वे मंगलवार को राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले की तैयारियों को लेकर मंच व्यवस्था, स्टॉल और शोभा यात्रा की उप समितियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान लगने वाले झूले, डोम और प्लाट की नीलामी 6 और 7 मार्च को 12:30 बजे तक होगी। प्लाट का आवंटन 8 मार्च से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि इस बार कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। कोरोना के संबंध में सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देश पूर करवाने के लिए प्रशासन विशेष तैयारी कर रहा है। एसडीएम सदर रामेश्वर दास ने बताया कि नलवाड़ी मेले के शुभारंभ मौके पर 17 मार्च को भव्य शोभा यात्रा श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर से 11 बजे निकलेगी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में स्थानीय महिला मंडल, युवक मंडल, गैर सरकारी संस्थाएं, स्वयंसेवक और वाद्य यंत्र वादकों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही ऋषिवेद व्यास और अन्य सांस्कृतिक झांकियों को शोभा यात्रा में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान लुहणू के हॉकी मैदान में 17 मार्च तक मंच की स्थापना का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित कर लें। मंच की ऊंचाई, निरंतर रूप से विद्युत आपूर्ति और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।