नौणी के पास शुरू हुआ टारिंग कार्य। संवाद
लगातार हो रहे विरोध और शिकायतों के बाद हरकत में आई कंपनी
नौणी से नम्होल तक वाहन चालक हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/मलोखर। फोरलेन निर्माण को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद निर्माण कंपनी ने क्षेत्र के लोगों को आंशिक राहत देते हुए नौणी के पास टारिंग (सड़क पक्कीकरण) का कार्य शुरू कर दिया है। इससे धूल और खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
बता दें कि कि गुरुवार को राजपुरा पंचायत के ग्रामीणों ने शिमला-मंडी-भराड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पडगल के समीप सड़क पर बैठकर निर्माण कार्य के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने कंपनी पर धूल नियंत्रण के लिए पर्याप्त कदम न उठाने सहित अन्य खामियों पर प्रदर्शन किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में उड़ रही धूल और खराब सड़क के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए थे, जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश होने पर यह समस्या और बढ़ जा रही थी। वहीं एम्स के पास धूल से लोगों को अधिक परेशानी हो रही थी। इसके लिए लगातार लोग शिकायतें भी कर रहे थे। टारिंग कार्य शुरू होने से हालात में सुधार आने की उम्मीद है। खासकर नौणी से एम्स तक के हिस्से में सड़क की स्थिति खराब होने के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कंपनी के अधिकारी मनजीत ने बताया कि नौणी चौक पर पैच वर्क किया जा रहा है। एम्स, ब्रह्मपुखर और नम्होल के पास भी सड़क को ठीक कर दिया जाएगा।