बाबू लाल महासचिव, संजीव को बनाया वरिष्ठ उप प्रधान
सर्वसम्मति से हुए संघ के त्रैवार्षिक चुनाव, 150 शिक्षकों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ बिलासपुर के त्रैवार्षिक चुनाव (2025-28) और अधिवेशन सोमवार को भगेड़ में हुआ। इस दौरान कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ, जिसमें राकेश पटियाल को जिलाध्यक्ष चुना गया।
चुनाव में हमीरपुर से देशराज, संजय कुमार और राजेश कुमार ने बतौर पर्यवेक्षक भूमिका निभाई। अधिवेशन में छह शिक्षा खंडों की कार्यकारिणी से करीब 150 शिक्षकों ने भाग लिया। सर्वप्रथम गत कार्यकारिणी ने अपने तीन वर्ष का लेखाजोखा प्रस्तुत किया, जिसके बाद नई कार्यकारिणी की चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई। सदन ने सर्वसम्मति से राकेश पटियाल को जिलाध्यक्ष, संजीव कुमार को वरिष्ठ उप प्रधान, बाबू लाल भारद्वाज को महासचिव, सुशील कुमार को कोषाध्यक्ष, यशवंत ठाकुर और चंद्रशेखर को मुख्य संरक्षक, संजीव कुमार को सह सचिव, महेंद्र सिंह को महालेखाकार, राजकुमार को मुख्य सलाहकार, अशोक कुमार को प्रेस सचिव जबकि रामकुमार को उप-प्रधान चुना गया। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राकेश पटियाल ने कहा कि वे प्राथमिक शिक्षकों तथा प्राथमिक पाठशाला में पढ़ने वाले बच्चों के हितों के लिए सदैव समर्पित होकर कार्य करेंगे और संघ के प्रति सच्ची श्रद्धा व निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश शर्मा का आभार जताया कि इनके कुशल नेतृत्व में पिछले छह वर्ष से लगातार निर्विरोध चुनाव जिला के अंदर हो रहे हैं। चुनाव के बाद सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि रमेश शर्मा राज्य का नेतृत्व संभालें ताकि उनके कुशल नेतृत्व का लाभ समस्त राज्य को मिल पाए और शिक्षकों की समस्याएं हल की जा सकें। इस मौके पर अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के काउंसलर बांके बिहारी चंदेल, पूर्व जिला महासचिव सुनील शर्मा, खंड प्रधान में होशियार सिंह, नरेश कुमार, जोगिंदर लाल, राजू राम शर्मा, अनिल शर्मा और राजेंद्र चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।