स्याहोला में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दमखम दिखाते खिलाड़ी। संवाद
स्याहोला में आयोजित एक दिवसीय प्रतियोगिता में पांच टीमों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। वॉलीबॉल क्लब स्याहोला की ओर से एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की पांच टीमों ने हिस्सा लिया। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर दर्शकों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में जुखाला, स्याहोला, राजपुरा, बासला और नम्होल की टीमों ने भाग लिया। शुरुआती मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरे दमखम के साथ प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जुखाला और राजपुरा की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए शानदार खेल दिखाया। रोमांचक मुकाबले में राजपुरा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जुखाला को हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के आयोजन में करण, आदित्य, प्रिंस, पीयूष और आर्यन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें खेल भावना को बढ़ावा मिलता है।