-तकनीकी शिक्षा मंत्री ने उठाया वर्मा ब्रिज पर चलने का लुत्फ
-31 मार्च तक चलेगा साहसिक मेला, खुलेंगे रोजगार के द्वार
-साहसिक पर्यटन मेले की गतिविधियों से बिलासपुर में बढ़ेंगी पर्यटन की नई संभावनाएं : धर्माणी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर के मंडी भराड़ी में कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने साहसिक पर्यटन मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं एरो स्पोटर्स का लुत्फ उठाया और कहा कि इन गतिविधियों को यहां साल भर चलाने के लिए कार्य किया जाएगा। कहा कि यह मेला बिलासपुर में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को नया मुकाम प्रदान करेगा। कहा कि कुल्लू मनाली जाने वाले पर्यटक इन गतिविधियों के माध्यम से आकर्षित होंगे। वहीं इससे युवाओें को रोजगार प्राप्त होगा।
धर्माणी ने कहा कि इस स्थल पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अपने स्थानीय उत्पाद बेचने के लिए भी स्थान मिलेगा। जलीय व आकाशीय साहसी गतिविधियों द्वारा पर्यटकों व स्थानीय लोगों को साहसिक पर्यटन के अवसर मिलेंगे। उन्होंने एयर सफारी की भी उड़ान भरी और उन्होंने वर्मा ब्रिज पर साहसिक चहलकदमी का लुत्फ भी उठाया। झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। स्थानीय लोगों से इन गतिविधियों में विकास के लिए सहयोग की अपील की। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विवेक कुमार ने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र के लिए पर्यटन के साथ प्रगति के भी नए द्वार खुलेंगे। यह मेला 31 मार्च तक चलेगा। खास बात यह है कि जो फर्म इसे करा रही है वो जिला प्रशासन को प्रति माह एक लाख रुपया और जीएसटी की रकम देगी। इससे सरकारी राजस्व में भी बढ़ावा होगा।
उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि गठित पर्यटन समिति द्वारा आने वाले समय में पर्यटन की दृष्टि से इसे और विकसित किया जाएगा। एडवेंचर कंपनी द्वारा ये गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इनमें वाटर स्पोटर्स,एरो स्पार्टस शामिल है। बताते चलें कि पहली बार बिलासपुर में एयर स्फारी गतिविधियों को शुरू किया गया है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान,एसपीजी कार्तिकेयन, एडीसी डॉक्टर निधि पटेल, एसी-डीसी राजीव ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण चौधरी, एडीटीओ रितेश कुमार, एसडीएम झंडूता योगराज धीमान, घुमारवीं कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव शर्मा उपस्थित रहे।