बरमाणा (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत बैरी रजादियां के दसगांव में शुक्रवार रात को हुई भारी बारिश के चलते पांच दुकानों में मलबा घुस गया। इससे दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत प्रधान निशा चंदेल, बीडीसी मीनाक्षी शर्मा और उपप्रधान अमरनाथ चड्ढा मौके पर पहुंचे। प्रधान ने जेसीबी बुलाकर चंडीगढ़-मनाली एनएच पर दसगांव में सड़क से मलबा हटवाया। दुकानों से भी मलबा बाहर निकलवाया।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत के बैरी रजादियां गांव में कुछ समय पहले मिट्टी डंप की गई थी। शुक्रवार रात को बारिश हुई तो सारा मलबा दसगांव में एनएच किनारे नाले में घुस गया। जैसे ही नाला भरा तो मलबा दुकानों के अंदर घुस गया। जब सुबह दुकानदार पहुंचे तो देखा कि दुकानें मलबे से भरी पड़ी हैं और अंदर रखा सारा सामान खराब हो गया है। दुकानदार विजय, रवि कुमार शर्मा, अजय, लेखराम, बालकराम, देवकीनंद शर्मा ने बताया कि दुकानों में मलबा घुसने से सामान बरबाद हो गया है। राशन की दुकानों में तो कुछ नहीं बचा है। हर दुकानदार को ढाई से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सदर विधायक सुभाष ठाकुर, एसडीएम रामेश्वर, तहसीलदार सदर, जिला परिषद अध्यक्ष मुस्कान भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने कहा कि लोनिवि अधिकारियों और प्रशासन को मौके पर ही कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए हैं। ताकि दूसरी बार दुकानदारों को इस स्थिति का सामना न करना पड़े। कहा कि दुकानदार कोरोना में काम न होने से परेशान हैं। अब मलबा घुसने से बड़ा नुकसान हुआ है। दुकानदारों को हुए नुकसान की भरपाई प्रशासन करेगा।
वहीं प्रधान निशा चंदेल ने बताया कि दुकानदारों को फौरी राहत के तौर पर प्रशासन की तरफ से 30-30 हजार की राशि जारी की गई है। बैरी रजादियां के बाद विधायक ने सीहड़ा पंचायत का निरीक्षण किया। जहां पर दोमंजिला मकान ध्वस्त हो गया था। कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द सहायता राशि प्रदान करवाई जाएगी।