चूड़धार, हरिपुरधार, राजगढ़ और नौहराधार में तापमान गिरा, मैदानी इलाकों में भी ठंड ने दी दस्तक
बारिश से किसानों को बिजाई के लिए राहत, घास भीगने से सर्दियों के चारे की चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/हरिपुरधार/राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले में वीरवार को मौसम ने करवट बदली। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश से तापमान गिर गया और ठंड बढ़ गई। चूड़धार, हरिपुरधार, राजगढ़ और नौहराधार में ठंड का असर अधिक रहा। वहीं, पांवटा साहिब, कालाअंब और नाहन में भी मौसम ठंडा हो गया। वहीं किसानों के लिए राहत के साथ चारे में चिंता सताने लगी है।
मौसम में बदलाव के चलते लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। बारिश से लहसुन सहित अन्य फसलों की बिजाई के लिए नमी का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली है। हालांकि, खेतों और घासनियों में काटकर रखी घास भीगने से सर्दियों के लिए पशुचारे की चिंता बढ़ गई है। हरिपुरधार में सुबह से दोपहर करीब एक बजे तक बारिश हुई। इसके बाद बारिश थम गई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे और ठंड बनी रही।
बारिश और ठंड का असर बाजारों पर भी दिखा। करवाचौथ के चलते महिलाओं की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन ग्राहकों की आवाजाही कम रही। सरकारी स्कूलों और दफ्तरों में छुट्टी के बावजूद बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही।
किसानों के लिए बारिश फसलों की बिजाई के लिहाज से उपयोगी रही, लेकिन अक्तूबर-नवंबर में घास की कटाई और भंडारण के दौरान हुई बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। घास भीगने से उसके खराब होने की आशंका है, जिससे सर्दियों और बर्फबारी के दौरान पशुओं के लिए चारे का इंतजाम करना मुश्किल हो सकता है।