बिलासपुर। खाद्य और सुरक्षा विंग के सहायक आयुक्त महेश कश्यप ने भड़ोलीकलां की दुकानों में छापे मारकर खाद्य सामग्री के सैंपल भरे। उन्होंने फास्ट-फूड की दुकान से मोमोज, झंडूता क्षेत्र के एक दुकान से देसी घी, नमकीन सहित काबुली चने के सैंपल भी भरे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई की।
महेश कश्यप ने बताया कि सभी सैंपलों को सोलन जिले की कंडाघाट लैब में जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में अगर गुणवत्ता में कमी मिली तो दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कश्यप ने बताया कि खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के लोगों से आग्रह किया कि अगर उन्हें किसी भी तरह से ऐसे मिलावट करने वालों की जानकारी है तो तुरंत विभाग को सूचित करें।
गौरतलब है कि लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फूड एंड सेफ्टी विंग अलग से बनाया गया है। यह विंग खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच करता है। कश्यप ने बताया कि अगर कोई दुकानदार बिना लाइसेंस से सामान बेचता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की है कि अगर किसी का लाइसेंस नहीं बना है तो तुरंत लाइसेंस बना लें।
दुकान में गंदगी पर होगी कार्रवाई : कश्यप
फूड एंड सेफ्टी कमिश्नर महेश कश्यप ने बताया कि खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों में अगर गंदगी मिली तो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने फास्ट फूड बेचने वालों से अपील की कि किचन को साफ-सुथरा रखें। इसके साथ दुकान में काम करने वाले कर्मी का भी लाइसेंस बनाना जरूरी है। इन सभी की जानकारी विभाग को भी दें।