घुमारवीं के बड़ोआ मतदान केंद्र पर लाइन में लगी महिलाएं। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। विधानसभा चुनाव के लिए जिले में शाम पांच बजे तक 65.72 फीसदी मतदान हुआ। लोग वोट डालने के लिए सुबह सात बजे से कतारों में खड़े हो गए। यह सिलसिला रात आठ बजे तक चलता रहा। जिले के कई बूथों पर शाम पांच बजे के बाद भी मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं। रात करीब आठ बजे तक मतदान जारी रहा।
शनिवार सुबह नौ बजे तक जिले के सदर विस क्षेत्र में 2.71 फीसदी, झंडूता में 3.8 फीसदी, घुमारवीं में 3.6 और श्री नयना देवी जी में 3.2 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं 11:00 बजे तक झंडूता विस क्षेत्र से 19.56 फीसदी, घुमारवीं से 12.3, बिलासपुर सदर से 12.18 फीसदी, श्री नयना देवी जी से 11.78 फीसदी मतदान हुआ था। इसके बाद दोपहर 1:00 बजे तक जिले में कुल 34.57 फीसदी वोटिंग हुई थी। इसमें झंडूता से 36.25, घुमारवीं 35.49, बिलासपुर सदर से 35.99 और श्री नयना देवी जी में 30.55 फीसदी वोटिंग हुई थी।
दोपहर तीन बजे तक जिले के झंडूता में 56.68, घुमारवीं में 51.63, सदर बिलासपुर में 54.55 फीसदी और श्री नयना देवी जी में 55.62 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी। इसके अलावा शाम पांच बजे तक जिले में 65.72 फीसदी कुल मतदान हो चुका था। इसमें सदर विस क्षेत्र में 66.54, घ्ुामारवीं में 60.45, झंडूता में 68.81 और श्री नयना देवी जी में 67.80 फीसदी मतदान हुआ।
सुबह से ही वोट डालने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह दिनभर चलता रहा। दिनभर लोग लाइनों में खड़े होकर वोट डालने की बारी का इंतजार करते रहे। आमजन ही नहीं कई जगह तो प्रत्याशी खुद लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। घुमारवीं से कांग्रेस के प्रत्याशी राजेश धर्माणी ने चवाड़ी बूथ पर लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया और फिर मतदान किया। जिले में शाम पांच बजे के बाद भी तकरीबन 40 बूथों पर लोग मतदान के लिए लाइनों में खड़े नजर आए और इसके बाद तक मतदान प्रक्रिया जारी रही।