बस समस्या को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते अनिल कुमार। स्रोत: जागरूक पाठक
बिना सूचना बस सेवाएं रद्द करने का आरोप, परिवहन मंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एचआरटीसी बिलासपुर डिपो में बस संचालन व्यवस्था को लेकर लोगों में असंतोष है। पूर्व बीडीसी प्रत्याशी एवं पूर्व डीवाईसी सचिव अनिल कुमार ने उपायुक्त के माध्यम से उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को ज्ञापन भेजकर डिपो की कार्यप्रणाली की जांच करवाने की मांग की है। अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि डिपो प्रबंधन की ओर से बिना पूर्व सूचना के बस सेवाएं रद्द की जा रही हैं, जिससे आम यात्रियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस सेवाओं में अचानक बदलाव से छात्रों, कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि बिलासपुर-बंदला रूट पर यात्रियों की संख्या पहले से अधिक रहती है। इसके बावजूद सुबह 7:45 बजे चलने वाली बस को स्कूल बस संचालन के नाम पर रद्द कर दिया गया। इससे यात्रियों को पहले से भीड़भाड़ वाली अन्य बसों में सफर करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को शाम की बस सेवा भी रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। अनिल कुमार ने कहा कि इस तरह के निर्णय लगातार लिए जा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और सरकार की छवि पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से एचआरटीसी डिपो में बेहतर प्रबंधन, नियमित बस संचालन और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने का आग्रह किया है।