घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में क्वारंटीन किए क्षेत्र के जोलप्लाखीं के एक ही परिवार के 3 लोगों के पॉजिटिव पाए जाने पर विभाग ने इन्हें रात करीब 1 बजे कोविड-19 सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। सुबह प्रशासन के दिशा-निर्देश से पूरे स्कूल को सैनिटाइज भी कर दिया गया। लोगों में चर्चा है कि जो परिवार पॉजिटिव आया है, उनके संपर्क में कई लोग आ चुके है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि, इस इलाके को और संक्रमित होने से बचाया जा सके। जिस स्कूल में इन लोगों को रखा गया था वहां लगभग आधा दर्जन लोगों को क्वारंटीन किया गया है। बताया जा रहा है कि क्वारंटीन किए गए सभी लोग एक ही पानी की टंकी से पानी भरते थे।
उधर, एसडीएम घुमारवीं शशि पाल शर्मा ने लोगों से बेवजह फैलाई जा रही अफवाहों से सचेत रहने के लिए आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संक्रमित परिवार के साथ क्वारंटीन तीन लोगों की साथ में सैंपलिंग की गई थी। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव है तथा उन्हें घर भेज दिया गया है। जबकि एक व्यक्ति अभी कल ही आया है। उसके सैंपल निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार 5 दिन बाद लिए जाएंगे। संक्रमित परिवार किन लोगों के संपर्क में आया है, इसकी सघन जांच की जा रही है। उन्हें ट्रेस करके आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। परिवार की ओर से प्रयोग में लाए गए शौचालय तथा पानी की टंकी को सैनिटाइज किया गया है।