बिलासपुर। पुलिस थाना बरमाणा के अंतर्गत नम्होल के पास साई नोड़वा जगह पर चार व्यक्तियों की कुछ लोगों ने घेराबंदी कर पिटाई कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सीताराम, निवासी गांव तन्यूर, डाकघर बैहनाजट्टा, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर ने बताया कि वह ठेकेदार है। शनिवार को उसके एक दोस्त की मालवाहक गाड़ी मलोखर के पास सिल्हा गांव में खराब हो गई। दोस्त ने उसे वहां बुलाया। इस पर वह ड्राइवर के साथ अपनी पिकअप लेकर सिल्हा चला गया। वहां से दोस्त की गाड़ी को पिकअप के पीछे बांधकर मैकेनिक के पास ले जाने लगा। उसका दोस्त पिकअप में उनके साथ बैठ गया जबकि उसका चालक खराब गाड़ी में ही बैठा था। इसी बीच रास्ते में साई नोड़वा जगह के पास कुछ लोग ट्रक और कार में आए और उनकी पिकअप को रुकवाया। उन लोगों ने बिना कुछ कहे एकदम से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने के बाद वे लोग मौके से भाग गए। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया की छानबीन जारी है।