अभिभावकों को अभ्यास हिमाचल एप की दी जाएगी जानकारी
विद्यार्थियों की प्रगति, स्कूलों के विकास पर माता-पिता से होगा विचार-विमर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश समग्र शिक्षा शिमला के दिशा निर्देशों के अनुसार जिला के सभी स्कूलों में 30 अगस्त को मेगा अभिभावक शिक्षक बैठक (पीटीए) आयोजित की जाएगी। पीटीए सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी।
पहले यह बैठक 5 सितंबर को होनी थी, लेकिन अब यह 30 अगस्त को होगी। बैठक में अभिभावकों को अभ्यास हिमाचल एप के संबंध में जानकारी दी जाएगी और पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करवाई जाएगी। विद्यार्थियों की प्रगति एवं विद्यालय विकास पर अभिभावक और शिक्षकों के साथ चर्चा की जाएगी। अपार आईडी का पंजीकरण किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं। शिक्षकों को सभी अभिभावकों को डायरी, फोन कॉल व व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित करना होगा। पंजीकरण के लिए अभिभावक अपने स्मार्ट फोन साथ लाएं। शिक्षक अभिभावक समूहों में अभ्यास हिमाचल से संबंधित पोस्टर, पीडीएफ और वीडियो साझा करें। शिक्षक अभ्यास पंजीकरण पोस्टर प्रिंट कर कक्षाओं में प्रदर्शित और वितरित किए जाएं। शिक्षक स्विफ्ट चैट बॉक्स पर पंजीकरण प्रतिक्रिया का प्रदर्शन कर अभिभावकों का पंजीकरण करवाएं। अभिभावकों को सूचित करें कि विद्यार्थियों को प्रत्येक शनिवार को अभ्यास असाइनमेंट दिए जाएंगे, जिन्हें समय पर पूरा करवाना अनिवार्य होगा। संबंधित स्कूल मुखिया बैठक की उपस्थिति एवं फोटोग्राफ विभाग को उपलब्ध करवाएंगे।
इनसेट
जिला स्तरीय मेगा पीटीएम पीएम श्री राजकीय स्कूल भराड़ी में होगी
अभ्यास हिमाचल और मेगा पीटीएम का औपचारिक शुभारंभ सुबह 10 बजे शिक्षा सचिव प्रदेश सरकार की ओर से किया जाएगा। सभी विद्यालयों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण स्मार्ट क्लासरूम अथवा व्यक्तिगत उपकरणों के माध्यम से यूट्यूब लाइव पर देखा जाएगा। बिलासपुर में जिला स्तरीय मेगा पीटीएम का मुख्य कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराड़ी में आयोजित किया जाएगा।