- करीब 50 कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश कनिष्ठ अभियंता संघ ने सरकार ने आग्रह किया कि कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति शीघ्र की जाए। कुछ अधिकारियों की लापरवाही से कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति लंबे समय से लंबित है। उन्होंने मांग रखी की रेस्ट हाउस की बुकिंग को ऑनलाइन किया जाए।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संघ के प्रधान राजीव कुमार ने कहा कि करीब 50 कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति लंबित पड़ी है। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी पदोन्नति नहीं हो रही है। अधिकारी पहले एसीआर पूरी न होने का कारण देते हैं। जब एसीआर पूरी करके दी जाती है, तो अन्य औपचारिकताओं का बहाना बनाते हैं। विभाग के बहुत सारे अभियंता ऐसे हैं जो इस कारण 20 साल बाद भी कनिष्ठ अभियंता के पद से सेवानिवृत हो जाते हैं। उन्होंने मांग रखी कि विश्राम गृह की बुकिंग को ऑनलाइन माध्यम से किया जाए, ताकि लोगों को अधिक सुविधा मिल सके। इन विश्राम गृहों में बेलदार, माली और स्वीपर के पदों को भी शीघ्र भरा जाए। विश्राम गृहों में इन पदों के खाली होने से विभाग को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में कनिष्ठ अभियंताओं ने सरकार का पूरा साथ दिया है और अब भी सरकार साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने ओपीएस बहाली के लिए सरकार का धन्यवाद किया। इस मौके पर जिला इकाई प्रधान अनिल गौतम और दिनेश गुप्ता आदि मौजूद थे।